मुहम्मदाबाद। समाज सेवा और मानवता की अनूठी मिसाल पेश करते हुए भाजपा मंडल उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी विवेक सिंह कुशवाहा तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष आलोक शर्मा ने एक जरूरतमंद परिवार की मदद के लिए सराहनीय पहल की। दोनों नेताओं ने सिर्फ लोगों से सहयोग की अपील ही नहीं की, बल्कि सबसे पहले स्वयं रक्तदान कर सेवा भाव का परिचय दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम बालापुर निवासी रीना देवी पत्नी सुरेश शर्मा के हृदय में छह ब्लॉकेज पाए गए हैं। उनका ऑपरेशन 26 मई 2026 को लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई अस्पताल में होना तय है। ऑपरेशन के लिए सात यूनिट ब्लड की आवश्यकता थी, जिसे लेकर परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से बेहद परेशान था।
मामले की जानकारी मिलते ही भाजपा मंडल अध्यक्ष आलोक शर्मा ने समाजसेवी विवेक सिंह कुशवाहा से संपर्क किया। इसके बाद दोनों ने अपने साथियों के साथ रक्तदान अभियान शुरू किया। सबसे पहले विवेक सिंह कुशवाहा और आलोक शर्मा ने स्वयं रक्तदान किया। इसके बाद आयुष पाण्डेय (कुंडेसर निवासी), कुमार सौरभ, बजरंगी शर्मा, विशाल और प्रमोद कुमार समेत अन्य युवाओं ने भी रक्तदान कर जरूरतमंद परिवार की मदद की।
विशेष बात यह रही कि समाजसेवी विवेक सिंह कुशवाहा का यह 24वां रक्तदान था। क्षेत्र में उनके इस सेवा कार्य की लोग सराहना कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि आज के समय में ऐसे समाजसेवी युवाओं की समाज को बेहद जरूरत है।
इसी क्रम में परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए विवेक सिंह कुशवाहा एवं शिवरतन राजभर ने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर से मुलाकात कर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस पूरे प्रयास की क्षेत्र में जमकर चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों ने इसे मानवता, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना का प्रेरणादायक उदाहरण बताया है।










