पखनपुरा ईदगाह के पास बड़ा बस हादसा, गहरे गड्ढे में पलटी बस; एक की मौत, दो दर्जन घायल

भांवरकोल/गाजीपुर। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे भांवरकोल थाना क्षेत्र के पखनपुरा ईदगाह के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक निजी बस करीब 30 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बस में सवार लोग जान बचाने के लिए खिड़कियों से बाहर निकलने लगे।

जानकारी के अनुसार बस शाम करीब 5 बजे गाजीपुर रौजा बस स्टैंड से बलिया जिले के भरौली के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। गाजीपुर-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर भारी जाम लगा होने के कारण चालक बस को बैक कर दूसरे रास्ते से निकालने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान बस का पिछला पहिया सड़क किनारे बने पानी से भरे गहरे गड्ढे में चला गया और बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर दिया। कई यात्रियों को बस की खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को बाहर निकालकर घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।

हादसे में करीब दो दर्जन यात्री घायल हुए हैं। खबर लिखे जाने तक वहीं एक यात्री की मौत की सूचना मिल रही है। मृतक की पहचान प्रदीप राय पुत्र शिववचन राय निवासी मलिकपुरा, भांवरकोल के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। बाद में क्रेन की मदद से बस को पानी भरे गड्ढे से बाहर निकाला गया।

 

 

और पढ़ें

error: Content is protected !!