रिपोर्ट:- राहुल पटेल गाजीपुर। नगसर हाल्ट थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो से 42 पेटी देशी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कुल मात्रा 378 लीटर बताई जा रही है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1,41,750 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक निरंकार प्रसाद अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान गगरन नहर पुलिया के पास मुखबिर की सूचना पर सरहुला चट्टी से दिलदारनगर जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध स्कॉर्पियो (UP80BR9345) को रोका गया।
पुलिस को देखते ही वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। तलाशी लेने पर वाहन के अंदर पीछे की सीट पर ब्ल्यू लाईम ब्रांड की 42 पेटी देशी शराब लदी मिली। प्रत्येक पेटी में 45 पाउच (200 एमएल) पाए गए।
पुलिस ने मौके से शराब और वाहन को कब्जे में लेकर आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार तस्कर की तलाश की जा रही है।










