रिपोर्ट:- राहुल पटेल गाजीपुर। गाजीपुर जनपद के शक्करपुर (पोस्ट–शाहबाजकुली) में लंबे समय से प्रस्तावित रेलवे अंडरपास निर्माण को लेकर अब प्रक्रिया तेज हो गई है। गुरुवार को रेलवे अधिकारियों की टीम ने प्रस्तावित स्थल का ड्रोन के माध्यम से विस्तृत सर्वे किया, जिसे इस परियोजना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि यह पहल सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. जीतेन्द्र प्रसाद के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने रेलवे अधिकारियों और जिला प्रशासन से लगातार संपर्क बनाकर इस परियोजना को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।
ड्रोन सर्वे का मुख्य उद्देश्य प्रस्तावित अंडरपास और उससे जुड़ी संपर्क सड़क के निर्माण के लिए जरूरी तकनीकी आंकड़े जुटाना है, ताकि आगे की प्रक्रियाएं जैसे विस्तृत सर्वे, डिजाइन और टेंडर जल्द शुरू हो सकें। सर्वे के दौरान रेलवे की तकनीकी टीम ने स्थल की भौगोलिक स्थिति, भूमि उपलब्धता और कनेक्टिविटी से जुड़े पहलुओं का निरीक्षण किया। डॉ. जीतेन्द्र प्रसाद ने बताया कि जुलाई 2025 से ही इस परियोजना को लेकर रेलवे और राज्य सरकार के बीच पत्राचार और स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही थी। हाल ही में जिला प्रशासन द्वारा नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) जारी कर प्रस्ताव रेलवे विभाग को भेजा गया है।
ग्रामीणों के अनुसार शक्करपुर के पास रेलवे लाइन पार करना हमेशा जोखिम भरा रहा है। आसपास के कई गांवों के लोग, छात्र-छात्राएं और महिलाएं रोजाना रेलवे ट्रैक पार करते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। दिसंबर 2025 में एक महिला की ट्रेन से कटकर मौत के बाद अंडरपास की मांग और तेज हो गई थी। ग्रामीणों को उम्मीद है कि ड्रोन सर्वे के बाद जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी और अंडरपास निर्माण का रास्ता साफ होगा, जिससे हजारों लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।










