रिपोर्ट:- इंद्रसेन कुमार गाजीपुर। उतराव क्षेत्र के सरजू राय मेमोरियल पीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब माफिया राज खत्म हो चुका है और आज प्रदेश की पहचान विकास से हो रही है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष सरकार बनाने का सपना देख रहा है, लेकिन उनका यह सपना कभी पूरा नहीं होगा।
कार्यक्रम में पहुंचने पर कॉलेज के प्रबंध निदेशक हिमांशु राय और हर्ष राय ने मंत्री का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मंत्री ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया और कार्यक्रम की शुरुआत की।
कॉलेज परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि अभिभावकों को अपने बच्चों के साथ-साथ बेटियों को भी समान रूप से शिक्षित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लड़के और लड़कियों में कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए और दोनों को आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था लागू करने जा रहे हैं, जिससे महिलाओं को राजनीति में अधिक अवसर मिलेगा।
खरवार और गोंड समुदाय को अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र जारी करने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से इसके संबंध में आदेश जारी हो चुका है। यदि कहीं कोई दिक्कत आ रही है तो उसे जल्द ही दूर किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर जिलाधिकारी से मिलकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है और अब धन सीधे लाभार्थियों के खाते में भेजा जा रहा है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो गई है।
कार्यक्रम का संचालन रामदहिन पासवान ने किया, जबकि अध्यक्षता योगेंद्र खरवार ने की। इस मौके पर भासपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर, सुरेश राजभर, अमरनाथ पासवान, राहुल सिंह, जोगिंदर, गौरीशंकर राजभर, छोटेलाल गोंड, मुन्ना गोंड, लालसा बासफोर और अजय बनबासी सहित कई लोग मौजूद रहे।










