बिगड़ैल भैंसा ने किसान को पटक-पटक कर मार डाला, इलाज के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम

रिपोर्ट: इंद्रसेन कुमार गाजीपुर। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के ताजपुर गांव में रविवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय किसान की जान चली गई। खेत में भैंसे को खदेड़ने के दौरान भैंसे ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार ताजपुर निवासी कृपा शंकर राजभर (पुत्र स्व. मोती चंद्रा राजभर) रविवार की शाम गांव के पश्चिम दिशा में स्थित अपने खेतों की ओर गए थे। इसी दौरान उन्होंने खेत में भैंसे को चरते देखा और उन्हें खदेड़ने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि भैंसा अचानक उग्र हो गई और कृपा शंकर पर हमला कर दिया।

भैंसा ने उन्हें दौड़ाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए बलिया ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन शव को लेकर घर पहुंचे। सूचना मिलने पर करीमुद्दीनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना पर हल्का लेखपाल भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।

बताया जा रहा है कि मृतक के परिवार में एक बेटी और चार नाबालिग बेटे हैं। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!