रिपोर्ट:- सुनील सिंह गाजीपुर। भांवरकोल क्षेत्र के भदौरा गांव सहित आसपास के इलाकों में इन दिनों लंगूर बंदरों का आतंक तेजी से बढ़ता जा रहा है। सुबह से लेकर शाम तक झुंड के झुंड गांव में घूमते नजर आ रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, लंगूर घरों की छतों पर चढ़कर टिन शेड को हिलाते और कई जगहों पर नुकसान भी पहुंचा रहे हैं। इतना ही नहीं, कई बार ये बंदर बच्चों और लोगों को काटने के लिए दौड़ा लेते हैं, जिससे लोग अब छतों पर जाना भी बंद कर चुके हैं। इसके अलावा, बंदर सब्जियों और घरेलू सामान को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं।
गांव के टुन्नू राजभर, रमाशंकर राजभर, अलगू राजभर, बलिराम कुशवाहा, नंद कुशवाहा और विवेक कुशवाहा ने बताया कि बड़ी संख्या में लंगूरों के झुंड गांव में सक्रिय हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
वहीं ग्राम प्रधान बिट्टू सिंह कुशवाहा ने बताया कि लंगूरों ने पूर्व में 11 हजार वोल्टेज का बिजली तार भी तोड़ दिया था, जिससे कई दिनों तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। इसके साथ ही किसान भी परेशान हैं, क्योंकि बंदर आलू सहित अन्य सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे आर्थिक हानि हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि लंगूरों का एक झुंड भांवरकोल थाने परिसर में भी डेरा जमाए हुए है। लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द इन बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए, ताकि गांव में भय का माहौल खत्म हो सके और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।










