कुंडेसर में अवैध कब्जे पर राजस्व टीम ने सरकारी जमीन कराई मुक्त

गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र के राजस्व गांव कुंडेसर के मौजा प्रहलादपुर में मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को हटवा दिया। इस कार्रवाई से कब्जेदारों में हड़कंप मच गया।

नायब तहसीलदार विपिन कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पहुंची राजस्व टीम ने दोपहर से शुरू हुई कार्रवाई को शाम तक जारी रखा। इस दौरान स्थानीय मजदूरों की मदद से अवैध रूप से बनाई गई झोपड़ियां, टीन शेड, नाद-चरन और टाट आदि हटाए गए।

बताया गया कि कुंडेसर निवासी सदानंद राम, दरोगा राम सहित अन्य लोगों ने उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अवैध कब्जे की शिकायत की थी। इसके बाद राजस्व टीम ने सीमांकन कर कब्जाधारियों को नोटिस जारी किया था।

क्षेत्रीय लेखपाल रामाश्रय यादव ने बताया कि मौजा प्रहलादपुर की आराजी संख्या 29 (0.101 हेक्टेयर) बंजर भूमि तथा आराजी संख्या 31 (0.63 हेक्टेयर) मेला भूमि के रूप में दर्ज है, जिस पर अवैध कब्जा किया गया था। दोनों भूखंडों को अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया है।अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ समय के लिए नोकझोंक की स्थिति भी बनी, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल की सतर्कता के चलते स्थिति नियंत्रण में रही और कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी कर ली गई।

नायब तहसीलदार ने चेतावनी दी कि सरकारी जमीन पर दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर श्याम सिंह (चौकी प्रभारी), मंगला प्रसाद (राजस्व निरीक्षक), अखिलेश कुमार, किशन विश्वकर्मा, कमलेश यादव सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!