गहमर–बारा के बीच गंगा पर पक्का पुल की मांग तेज, पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने सीएम से की मुलाकात

गाजीपुर। सुनीता सिंह ने योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर गहमर और बारा के बीच गंगा नदी पर पक्का पुल निर्माण की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जनहित से जुड़ी है और इसे प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी जानी चाहिए।

पूर्व विधायक ने बताया कि भाजपा सरकार के पहले कार्यकाल में मुख्यमंत्री के निर्देश पर गहमर और बारा के बीच पीपा पुल का निर्माण कराया गया था, जिससे जमानिया विधानसभा का संपर्क मुहम्मदाबाद विधानसभा से जुड़ा। यह पुल क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण साधन बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि इस पीपा पुल के माध्यम से मुहम्मदाबाद क्षेत्र से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की दूरी लगभग 10 से 12 किलोमीटर रह जाती है। यदि यहां स्थायी पक्का पुल बन जाता है तो जमानिया के साथ-साथ मुहम्मदाबाद और जंगीपुर विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को एक्सप्रेसवे तक पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी।

सुनीता सिंह ने बताया कि पुल बनने से चौसा, रामगढ़, कैमूर और भभुआ (बिहार) के लोगों को भी लखनऊ समेत अन्य शहरों तक आने-जाने में सहूलियत होगी, जिससे क्षेत्रीय व्यापार और यातायात को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि पहले वीरेंद्र सिंह मस्त द्वारा इस स्थान पर पक्का पुल बनाने का प्रस्ताव दिया गया था और इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट भी तैयार की जा चुकी थी, लेकिन कुछ कारणों से कार्य आगे नहीं बढ़ सका। पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री से जनहित को देखते हुए इस महत्वपूर्ण परियोजना को जल्द स्वीकृति देने और संबंधित विभागों को पुल निर्माण के निर्देश जारी करने का आग्रह किया।

और पढ़ें

error: Content is protected !!