रिपोर्ट:- राहुल पटेल
गाजीपुर। भांवरकोल क्षेत्र के सोनाड़ी गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के उत्तर स्थित गंगहर नदी में एक युवक का शव उतराया मिला। मृतक की पहचान 22 वर्षीय राधेमोहन राय उर्फ लखन के रूप में हुई है, जो बीते एक मार्च से लापता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राधेमोहन राय एक मार्च की सुबह घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने थाना भांवरकोल में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

बुधवार सुबह ग्रामीणों ने गंगहर नदी में एक शव उतराते देखा और तत्काल पुलिस व परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।










