बीबीपुर में बदहाल सफाई व्यवस्था, सड़कों पर बह रहा नालियों का गंदा पानी

रिपोर्ट:- उतरांव संवाददाता इंद्रसेन।

गाजीपुर । बाराचवर विकासखंड क्षेत्र के बीबीपुर ग्रामसभा में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव और बदबू के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है, वहीं बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

स्थानीय ग्रामीण बेचू शर्मा ने आरोप लगाया कि उनके मोहल्ले में नालीयों की उचित व्यवस्था न होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है और आम जनमानस को आवागमन में दिक्कत हो रही है।

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामसभाओं को स्वच्छ रखने के लिए आरआरसी सेंटर निर्माण, डस्टबिन वितरण और स्वच्छता जागरूकता अभियान जैसी कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन बीबीपुर ग्रामसभा में इन योजनाओं का जमीनी स्तर पर कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है।

इस मामले पर ग्राम प्रधान चंद्रशेखर राजभर ने कहा कि जब जिला पंचायत कोटे से आरसीसी रोड का निर्माण कराया गया था, तब नालियों के लिए जगह नहीं छोड़ी गई थी, जिसके कारण गंदे पानी का निकास नहीं हो पा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्हें दोबारा मौका मिलता है तो वे अपने कार्यकाल में इस समस्या का स्थायी समाधान कराएंगे।

वहीं, बाराचवर की खंड विकास अधिकारी सीमा कुमारी ने बताया कि जल्द ही सफाई कर्मियों को भेजकर गांव में सफाई कराई जाएगी। यदि नाली निर्माण की आवश्यकता होगी तो इसे कार्ययोजना में शामिल कर निर्माण कराया जाएगा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!