रिपोर्ट:- चंदन पांडेय भांवरकोल (गाजीपुर)। भांवरकोल ब्लॉक परिसर में बुधवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत स्वास्थ्य मेला एवं पोषण जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को प्रसवकालीन एवं प्रसव के बाद पोषण, खान-पान और जच्चा-बच्चा की देखभाल की जानकारी दी।
शिविर में फल, पौष्टिक हलवा आदि तैयार कर महिलाओं को संतुलित आहार का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने शिविर में पहुंचकर पोषण संबंधी जानकारी हासिल की।
स्वास्थ्य मेले में डॉ. नीरज कुमार, डॉ. आशुतोष उपाध्याय, डॉ. पूजा श्रीवास्तव, डॉ. डेजी और डॉ. चंदन वर्मा ने मरीजों की जांच की और आवश्यक दवाएं वितरित कीं। करीब 65 लोगों की शुगर, मलेरिया, टाइफाइड, हीमोग्लोबिन, डेंगू और बलगम समेत विभिन्न जांचें की गईं।
अभियान में स्वास्थ्य, पंचायती राज, एनआरएलएम, समाज कल्याण, कृषि, लघु सिंचाई, खाद्य एवं रसद तथा बाल विकास विभाग की सहभागिता रही।
खंड विकास अधिकारी प्रेमचंद ने बताया कि अभियान के दौरान 329 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अधिक से अधिक आवेदनों का निस्तारण कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया गया।










