मुहम्मदाबाद। कुंडेसर गांव के वार्ड नंबर-1 की जर्जर मुख्य सड़क को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क लंबे समय से टूटी और बदहाल है। जगह-जगह बड़े गड्ढे होने के कारण बारिश में उनमें गंदा पानी भर जाता है। इससे ग्रामीणों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है। बुजुर्गों और स्कूली बच्चों के लिए आवागमन खासा मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए ग्राम प्रधान से कई बार गुहार लगाई गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। अब मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर सड़क निर्माण कराने की मांग की गई है।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कृष्ण मुरारी सिंह, दीनदयाल सिंह, कमलेश पाल, संतोष कन्नौजिया और राहुल पटेल समेत अन्य ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग की है।










