भाजपा नेता पीयूष कुमार राय के नेतृत्व में गूंजा ‘भारत माता की जय’: तिरंगे के साए में शहीदों को नमन, मुहम्मदाबाद में निकली भव्य तिरंगा यात्रा….

मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। मंगलवार को मुहम्मदाबाद में राष्ट्रभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भाजपा नगर मंडल के तत्वावधान में भाजपा युवा नेता पीयूष कुमार राय के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा और जुबां पर ‘भारत माता की जय’ व ‘वंदे मातरम्’ के नारों के साथ निकली यात्रा ने पूरे नगर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

तिरंगा यात्रा शाहनिन्दा हनुमान मंदिर से शुरू होकर आर्य समाज रोड, छत्तरधारी मोड़, चौक, सदर रोड, तहसील, हाटा रोड, केशरी मोड़, बिट्ठल चौराहा और तहसील गोलंबर होते हुए शहीद पार्क पहुंची। बाइक सवार कार्यकर्ताओं और युवाओं के हाथों में लहराता तिरंगा लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।शहीद पार्क पहुंचने के बाद यात्रा में शामिल लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूत डॉ. शिवपूजन राय और वंशनारायण राय की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।इस अवसर पर भाजपा नेता पीयूष कुमार राय ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की आन, बान, शान और करोड़ों देशवासियों के स्वाभिमान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नई पीढ़ी को देश के वीर शहीदों के संघर्ष और बलिदान से जोड़ना तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति जागरूक करना है।

उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को केवल विशेष अवसरों तक सीमित न रखें, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं। उन्होंने हर घर पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने की अपील की।

यात्रा में पीयूष कुमार राय, शशांक राय, रामजी गिरी, ओमप्रकाश गिरी, सत्येंद्र राम, अनूप शर्मा, आलोक शर्मा, संतोष राजभर, गणेश गुप्ता, चंदन राय और प्रदीप राय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं नगरवासी शामिल रहे। नगर मंडल अध्यक्ष सत्येंद्र राम ने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।

तिरंगे की शान और शहीदों की कुर्बानी के सम्मान में निकली इस यात्रा ने मुहम्मदाबाद में राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

और पढ़ें

error: Content is protected !!