गंगा की लहरों में समा गया आदित्य यादव, कोटवा घाट पर अपनों की आंखें नम, तलाश में जुटे गोताखोर

भांवरकोल (गाजीपुर)। सोमवार की सुबह करीब 9 बजे नरही थाना क्षेत्र के कोटवा गंगा घाट पर उस समय चीख-पुकार मच गई, जब भांवरकोल थाना क्षेत्र के शाहपुर उर्फ माधोपुर गांव निवासी 18 वर्षीय आदित्य यादव पुत्र छोटेलाल यादव स्नान करते समय उफनती गंगा की तेज धाराओं में डूब गया। कुछ ही पलों में घाट पर खुशी का माहौल मातम में बदल गया और परिवार के लोगों की आंखों के सामने अंधेरा छा गया।

बताया गया कि आदित्य सोमवार कि सुबह करीब नौ बजे अपने साथियों के साथ कोटवा गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचा था। सभी लोग गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान आदित्य अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज धारा की चपेट में आकर बहने लगा। उसे डूबता देख साथियों ने तत्काल बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंगा की तेज धाराओं के सामने उनकी कोशिश कामयाब नहीं हो सकी।घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। कोरंटाडीह पुलिस चौकी से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से आदित्य की तलाश शुरू कराई। गंगा की तेज धाराओं और बढ़े हुए जलस्तर के बीच गोताखोर लगातार युवक को खोजने में जुटे रहे, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था।इधर बेटे के गंगा में डूबने की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हालत में कोटवा घाट पहुंच गए। पिता छोटेलाल यादव और परिवार के अन्य सदस्यों की आंखें अपने लाल की तलाश में गंगा की ओर टिकी रहीं। हर गुजरते पल के साथ परिवार की बेचैनी बढ़ती जा रही थी। आदित्य के डूबने की खबर गांव पहुंचते ही शाहपुर उर्फ माधोपुर में मातम पसर गया। जिस गांव में सुबह रोजमर्रा की चहल-पहल थी, वहां अचानक सन्नाटा छा गया।पुलिस की निगरानी में स्थानीय गोताखोरों द्वारा लगातार तलाश की जा रही है। घटना के बाद प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल परिवार की निगाहें गंगा की ओर और उम्मीदें गोताखोरों की तलाश पर टिकी हैं।

और पढ़ें

error: Content is protected !!