*विनीत राय हत्याकांड: व्यापारियों ने एसपी को सौंपा धन्यवाद पत्र, बोले, पुलिस कार्रवाई से बढ़ा भरोसा….*

गाजीपुर। होटल कारोबारी विनीत राय हत्याकांड के नामजद आरोपी कमलेश चौधरी के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद जिले के व्यापारी संगठनों ने राहत की सांस ली है। व्यापार मंडल और स्वर्ण व्यवसायी संगठनों के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा से मुलाकात कर उन्हें धन्यवाद पत्र सौंपा और पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।

व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष गुड्डू केसरी ने कहा कि विनीत राय की हत्या के बाद जिले का व्यापारी वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा था। पुलिस द्वारा की गई त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से व्यापारियों का मनोबल बढ़ा है तथा कानून व्यवस्था के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है।

हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि मामले के अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होने तक व्यापारियों की चिंता पूरी तरह समाप्त नहीं होगी।

वहीं सर्राफा व्यापारी महामंत्री संतोष शर्मा ने कहा कि दिनदहाड़े हुई इस घटना ने पूरे व्यापारी समाज को झकझोर दिया था। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाए, ताकि व्यापारियों में सुरक्षा का माहौल और मजबूत हो सके।

व्यापारी नेताओं ने विश्वास जताया कि गाजीपुर पुलिस फरार आरोपियों के खिलाफ भी जल्द निर्णायक कार्रवाई करेगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में सफल होगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!