मक्का के खेत में गई जान: पशु हांकने पहुंचे किसान की करंट लगने से मौत, परिवार में मचा कोहराम…

भांवरकोल (गाजीपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के शेरपुर खुर्द गांव में गुरुवार की रात एक दर्दनाक हादसे में किसान की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार शेरपुर खुर्द निवासी बबलू यादव (40 वर्ष) पुत्र स्व. केसर यादव गांव के बाहर स्थित एक इंटर कॉलेज के समीप मक्का की खेती किए हुए थे। गुरुवार रात खेत में घुसे पशुओं को भगाने के लिए वह खेत पर पहुंचे थे। इसी दौरान वह विद्युत करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह तब हुई, जब ग्रामीण खेतों की ओर गए। वहां बबलू यादव को खेत में अचेत अवस्था में पड़ा देख लोगों ने परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें घर ले आए और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

बताया जा रहा है कि मृतक तीन भाइयों में एक थे तथा उनके परिवार में तीन पुत्रियां और एक पुत्र है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उपनिरीक्षक अनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, मुहम्मदाबाद विद्युत उपखंड अधिकारी अमित कुमार राय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पूरे प्रकरण की जांच के लिए अवर अभियंता को निर्देशित किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!