भांवरकोल/गाजीपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर शाम एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। भांवरकोल थाना क्षेत्र के हैदरिया गांव के पास चैनल नंबर 340 पर तेज रफ्तार महिंद्रा एसयूवी कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखनऊ के सरोजिनी नगर निवासी प्रांजल पांडेय पुत्र अनुराग पांडेय अपनी महिंद्रा एसयूवी कार (UP 32 LF 5480) से वाराणसी की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रास्ता भटकने के कारण वाहन हैदरिया की तरफ चला गया। इसी दौरान ब्रेक लगाने के समय चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और कार तेज रफ्तार में रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी।
हादसा इतना जोरदार था कि आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गनीमत रही कि कार के सभी एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे चालक की जान बच गई और उसे केवल मामूली चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा की सहायता गाड़ी और मच्छटी चौकी प्रभारी श्याम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कराई गई।
इस संबंध में यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी अनिल सिंह ने बताया कि हादसे में चालक को हल्की चोटें आई हैं। परिजन उन्हें अपने साथ लेकर चले गए हैं। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेसवे पर यातायात पूरी तरह सामान्य और सुचारु रूप से संचालित हो रहा है।










