मुहम्मदाबाद की सियासत गरमाई, सर्वे में भाजपा को बड़ी बढ़त, उम्मीदवारों की पसंद ने बढ़ाई राजनीतिक हलचल

गाजीपुर। मुहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज होती दिखाई दे रही है। हाल ही में सामने आए एक जनमत सर्वे ने क्षेत्र की सियासत को नई दिशा दे दी है। इस सर्वे में जनता ने न सिर्फ राजनीतिक दलों के प्रति अपनी पसंद जाहिर की है, बल्कि संभावित उम्मीदवारों को लेकर भी स्पष्ट राय रखी है। सर्वे के आंकड़े सामने आने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और विभिन्न दलों के समर्थक इसे लेकर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

सबसे पहले बात करें समाजवादी पार्टी के मौजूदा विधायक सुहेब उर्फ मन्नु अन्सारी की, तो सर्वे में उनसे जुड़ा एक अहम सवाल पूछा गया कि क्या उन्हें वर्ष 2027 में फिर से टिकट मिलना चाहिए। इस सवाल पर केवल 16 प्रतिशत लोगों ने समर्थन जताया, जबकि 79 प्रतिशत लोगों ने कहा कि उन्हें दोबारा टिकट नहीं दिया जाना चाहिए। वहीं करीब 5 प्रतिशत लोगों ने इस मुद्दे पर अभी कुछ भी कहने से इनकार किया। इन आंकड़ों ने समाजवादी पार्टी के अंदर भी संभावित समीकरणों को लेकर चर्चा को हवा दे दी है।

वहीं यदि बात करें कि वर्ष 2027 में जनता किस पार्टी के प्रत्याशी को विधायक के रूप में देखना चाहती है, तो इस मामले में भारतीय जनता पार्टी को सबसे अधिक समर्थन मिलता दिखाई दिया। सर्वे के अनुसार करीब 78 प्रतिशत लोगों ने भाजपा के उम्मीदवार को विधायक बनाने की इच्छा जताई। इसके विपरीत 18 प्रतिशत लोगों ने समाजवादी पार्टी और करीब 4 प्रतिशत लोगों ने बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी को समर्थन देने की बात कही। इन आंकड़ों ने यह संकेत दिया है कि क्षेत्र में भाजपा की पकड़ मजबूत होती दिखाई दे रही है।

समाजवादी पार्टी के संभावित उम्मीदवारों के सवाल पर भी दिलचस्प नतीजे सामने आए। सर्वे में सुहेब उर्फ मन्नु अन्सारी को ही सबसे अधिक समर्थन मिला और करीब 87 प्रतिशत लोगों ने उन्हें अपनी पहली पसंद बताया। इसके अलावा अजय यादव को करीब 3 प्रतिशत, सिबगतुल्लाह अंसारी को लगभग 1 प्रतिशत, फेकू यादव को करीब 6 प्रतिशत और अन्य संभावित उम्मीदवारों को लगभग 3 प्रतिशत लोगों का समर्थन मिला।

वहीं भाजपा के संभावित उम्मीदवारों की सूची में आनंद राय मुन्ना सबसे आगे दिखाई दिए। सर्वे में उन्हें करीब 79 प्रतिशत लोगों ने अपनी पहली पसंद बताया। इसके अलावा पीयूष राय को करीब 10 प्रतिशत, मनोज राय को लगभग 5 प्रतिशत और अन्य उम्मीदवारों को करीब 6 प्रतिशत समर्थन मिला। इससे यह संकेत मिलता है कि भाजपा के भीतर भी उम्मीदवारों को लेकर जनता की स्पष्ट पसंद सामने आ रही है।

बहुजन समाज पार्टी की बात करें तो संभावित उम्मीदवारों में अतुल राय को सबसे अधिक समर्थन मिला। सर्वे में करीब 55 प्रतिशत लोगों ने उन्हें अपनी पहली पसंद बताया। इसके अलावा माधवेंद्र राय को लगभग 14 प्रतिशत, संतोष चौधरी को करीब 8 प्रतिशत और अन्य उम्मीदवारों को लगभग 23 प्रतिशत लोगों का समर्थन मिला।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अभी चुनाव में काफी समय बाकी है और आने वाले दिनों में राजनीतिक समीकरण बदल भी सकते हैं। हालांकि इस तरह के सर्वे से यह जरूर स्पष्ट हो जाता है कि जनता की सोच किस दिशा में जा रही है और राजनीतिक दलों को अपनी रणनीति तय करने में ऐसे आंकड़े अहम भूमिका निभाते हैं। फिलहाल इस सर्वे के सामने आने के बाद मुहम्मदाबाद की सियासत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और आगामी चुनाव को लेकर कयासों का बाजार गर्म है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!