आग पीड़ितों के लिए मसीहा बने माहिर हसन खान, झुग्गी बस्ती के परिवारों को पहुंचा रहे राहत

लखनऊ। विकास नगर क्षेत्र में हाल ही में झुग्गी-झोपड़ियों में लगी भीषण आग की घटना के बाद जहां कई परिवार बेघर होकर खुले आसमान के नीचे जीवन बिताने को मजबूर हो गए, वहीं युवा समाजसेवी माहिर हसन खान पीड़ितों के घावों पर मरहम लगाने के लिए लगातार आगे आ रहे हैं। सोशल यूथ विंग के नेशनल प्रेसिडेंट माहिर हसन खान अपनी टीम के साथ राहत कार्यों में जुटे हुए हैं और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध करा रहे हैं।

आग की घटना के तुरंत बाद ही माहिर हसन खान और उनकी टीम मौके पर पहुंच गई और पीड़ित परिवारों के लिए भोजन, कपड़े और रहने की अस्थायी व्यवस्था शुरू कर दी। राहत कार्य के तहत महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए कपड़े, तख्त, मच्छरदानियां और अन्य जरूरी सामान वितरित किया गया। इसके साथ ही नवजात शिशुओं के लिए दूध और आवश्यक पोषण सामग्री की विशेष व्यवस्था भी कराई गई, ताकि किसी भी बच्चे को परेशानी का सामना न करना पड़े।

बच्चों की पढ़ाई न हो प्रभावित….

आग की घटना में कई परिवारों का जरूरी सामान जलकर राख हो गया, जिससे बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो गई थी। इसे देखते हुए माहिर हसन खान ने बच्चों को स्कूल बैग, कॉपियां और किताबें उपलब्ध कराईं। उनका कहना है कि किसी भी बच्चे की शिक्षा रुकनी नहीं चाहिए और हर संभव प्रयास किया जाएगा कि बच्चे फिर से सामान्य जीवन में लौट सकें।

युवाओं के लिए रोजगार की पहल….

माहिर हसन खान ने केवल राहत सामग्री तक ही अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखी, बल्कि आग की घटना के बाद बेरोजगार हुए युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तलाशने की दिशा में भी पहल शुरू की है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों का सब कुछ जलकर नष्ट हो गया है, उन्हें दोबारा खड़ा करने के लिए समाज को आगे आना होगा।

पीड़ित परिवारों ने जताया आभार….

राहत सामग्री मिलने के बाद प्रभावित परिवारों ने माहिर हसन खान और उनकी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। कई लोगों ने कहा कि मुश्किल समय में जिस तरह से उन्होंने मदद का हाथ बढ़ाया है, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है।

“जरूरतमंदों की सेवा ही सबसे बड़ी इबादत”…

मीडिया से बातचीत में माहिर हसन खान ने कहा कि जरूरतमंदों की मदद करना ही सबसे बड़ी इंसानियत और इबादत है। उन्होंने बताया कि सोशल यूथ विंग की टीम पूरे देश में बिना किसी सरकारी सहायता के समाजसेवा के कार्यों में लगी हुई है और आगे भी जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहेगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!