रिपोर्ट:- इंद्रसेन कुमार गाजीपुर। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नेवादा में वन विभाग की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के मामले में गुरुवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटवा दिया। यह कार्रवाई माननीय हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में की गई।
जानकारी के अनुसार नेवादा गांव निवासी संजय कुमार राय द्वारा दाखिल जनहित याचिका में गाटा संख्या 399 व 400 की भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने का आरोप लगाया गया था। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि उत्तर प्रदेश भू-राजस्व संहिता 2006 की धारा 67 के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, यदि कोई कानूनी बाधा न हो।
न्यायालय के आदेश के बाद मोहम्मदाबाद की उपजिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी ने राजस्व विभाग की टीम गठित कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। राजस्व विभाग की ओर से पहले ही संबंधित लोगों को जमीन खाली करने के लिए नोटिस जारी किया गया था, लेकिन तय समय सीमा में कब्जा नहीं हटाने पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया।
गुरुवार को तहसीलदार महेंद्र बहादुर सिंह, नायब तहसीलदार विपिन, कानूनगो और क्षेत्रीय लेखपालों की मौजूदगी में पुलिस बल के साथ जेसीबी मशीन लगाकर अवैध कब्जा हटाया गया। इस दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मोहम्मदाबाद, भांवरकोल, बरेसर और करीमुद्दीनपुर थानों की पुलिस भी मौके पर तैनात रही।
याचिकाकर्ता संजय राय ने बताया कि अभी कुछ हिस्से से ही अतिक्रमण हटाया गया है, जबकि शेष जमीन से कब्जा हटवाने की कार्रवाई अभी बाकी है।
वहीं तहसीलदार महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश के क्रम में वन भूमि से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई की गई है और आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।










