कटरे में सो रहे अधेड़ की निर्मम हत्या, चेहरे को कुचलकर उतारा मौत के घाट; पुलिस जांच में जुटी

रिपोर्ट:- इंद्रसेन कुमार गाजीपुर। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के हरदासपुर गांव के पास बने एक कटरे में सो रहे अधेड़ की अज्ञात हमलावरों ने चेहरा कुचलकर निर्मम हत्या कर दी। शनिवार सुबह घटना की जानकारी होते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार नेवादा गांव निवासी रामबचन ठाकुर (57) पुत्र घुरहु ठाकुर हरदासपुर निवासी विमला राय के कटरे में रहकर खेती-बाड़ी का काम देखते थे। शुक्रवार की रात रोज की तरह भोजन करने के बाद वह कटरे के बरामदे में चौकी पर मच्छरदानी लगाकर सो गए थे।

शनिवार सुबह करीब पांच बजे जब कुछ ग्रामीण टहलते हुए वहां से गुजरे तो देखा कि रामबचन ठाकुर का शव चौकी पर खून से लथपथ पड़ा हुआ है और उनके चेहरे को बुरी तरह कुचला गया है। यह दृश्य देखकर ग्रामीण स्तब्ध रह गए और तुरंत कटरा मालिक के पुत्र आशीष राय को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

सूचना मिलते ही करीमुद्दीनपुर थानाध्यक्ष रमेश पटेल व असावर चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए।

घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर भी मौके पर पहुंचे और पुलिस टीम को हत्या के सभी पहलुओं की गहनता से जांच करने के निर्देश दिए।

इस मामले में मृतक के पुत्र चंदन ठाकुर ने पांच नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में लिखित तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!