गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र के पखनपुरा गांव में रविवार रात चोरों ने एक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए राशन सामग्री और नगदी चोरी कर ली। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार पखनपुरा निवासी रामनिवास गुप्ता की घर के निचले तल पर स्थित पुरानी किराना दुकान है, जबकि उनका परिवार ऊपर की मंजिल पर रहता है। रविवार रात परिवार के सभी लोग खाना खाकर ऊपर सोने चले गए। इसी दौरान घात लगाए चोरों ने दुकान की कुंडी खिसकाकर अंदर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।
सुबह जब दुकानदार रामनिवास गुप्ता दुकान खोलने के लिए नीचे पहुंचे तो दुकान का सामान बिखरा देख सन्न रह गए। उन्होंने बताया कि चोर दो बोरी अरहर की दाल, एक बोरी चना दाल, दो कार्टन रिफाइंड तेल, लगभग 20 लीटर सरसों का तेल और कुछ नगदी उठा ले गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं इस संबंध में मच्छटी चौकी प्रभारी श्याम सिंह ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










