गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के चाडीपुर गांव में होली के दिन रंग डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद रविवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान एक युवक ने लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी, जिससे 55 वर्षीय आसमुहम्मद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार होली के दिन बच्चों द्वारा रंग डालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। उस समय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया था। हालांकि अंदरूनी तनाव बना रहा और रविवार को फिर से कहासुनी शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान स्थिति बिगड़ने पर आरोपी युवक ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी। गोली आसमुहम्मद के सीने में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल हो गया। हालात को देखते हुए प्रशासन ने गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि होली के दिन रंग डालने को लेकर विवाद हुआ था, जो रविवार को फिर से भड़क गया और घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं एसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










