होलिका दहन को लेकर मुहम्मदाबाद में प्रशासन सतर्क, एसडीएम–सीओ ने किया रात्रि गश्त

गाजीपुर। होलिका दहन के मद्देनज़र मुहम्मदाबाद कस्बे में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। रात्रि के समय उपजिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी एवं क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय ने विभिन्न होलिका दहन स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों का गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए शांतिपूर्वक त्योहार मनाने की अपील की।

भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की गई।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि होलिका दहन एवं होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

और पढ़ें

error: Content is protected !!