भांवरकोल (गाजीपुर)। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, ब्लॉक इकाई भांवरकोल की कार्य समिति एवं संघर्ष समिति की अति आवश्यक बैठक गुरुवार को बीआरसी भांवरकोल परिसर में आयोजित की गई। बैठक में जिलाध्यक्ष जितेन्द्र यादव, सदर मंत्री शिवमूरत सिंह कुशवाहा सहित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत ब्लॉक अध्यक्ष राजेश सिंह यादव, मंत्री अजहर अली मोबीन, कोषाध्यक्ष शशिभूषण श्रीवास्तव एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमाशंकर सिंह यादव द्वारा जिलाध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों का बुके एवं माला पहनाकर स्वागत करने के साथ हुई।
बैठक में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं, लंबित मांगों तथा वर्षों से कार्यरत शिक्षकों को टीईटी से छूट देने के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष जितेन्द्र यादव ने शिक्षकों से एकजुटता बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत कर ही समस्याओं का समाधान संभव है। उन्होंने सरकार के टीईटी संबंधी निर्णय को तुगलकी फरमान बताते हुए कहा कि पुराने शिक्षकों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर आमरण अनशन सहित हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।

बैठक में आगामी 22 फरवरी को ट्विटर (एक्स) पर अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। शिक्षकों से सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया गया। सभी शिक्षकों ने संगठन को मजबूत बनाने तथा हर संघर्ष में तन-मन-धन से सहयोग देने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व अध्यक्ष दिनेश सिंह यादव ने की, जबकि संचालन मु. आलिम हुसैन ने किया। इस अवसर पर रत्नाकर द्विवेदी, चंद्रमोहन पाण्डेय, विश्वामित्र गुप्ता, अशफाक अहमद, तुलसी प्रसाद, त्रिपुरारी यादव, सिद्धार्थ कुमार, मालिक अहमद, सलाहुद्दीन, दीपक, विपुल राय, गुलाब सिंह, अक्षय गिरी सहित सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।










