गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र के मच्छटी चौकी के पास पिछले 36 घंटे से खराब खड़े बालू लदे ट्रेलर (नं. BR 03 GB 8623) को हटाने की कोशिशें नाकाम रहीं। अत्यधिक वजन, ट्रेलर में कम हवा का दबाव और तकनीकी खामी के कारण लाया गया हाइड्रा क्रेन भी उसे सड़क किनारे नहीं कर सका। क्रेन चालक ने कई बार प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
मच्छटी चौकी प्रभारी श्याम सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात जसदेवपुर मोड़ के पास भी एक ट्रेलर खराब हो गया था, जिसे हाइड्रा की मदद से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया। हालांकि मच्छटी के पास खड़े ट्रेलर को हटाने के लिए वाहन मालिक आवश्यक सामान और मिस्त्री के साथ वाराणसी से पहुंच रहे हैं। संभावना है कि शाम तक यातायात आंशिक रूप से सुचारु हो सके।
खराब ट्रेलर के कारण एनएच-31 पर लंबा जाम लग गया है। बढ़नपुरा स्थित सौ वर्ष पुरानी सकरी पुलिया पर अतिरिक्त पुलिस बल और टोल कर्मी तैनात हैं, जो एक-एक कर वाहनों को निकालने में लगे हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और बिहार की ओर से आने वाले भारी ट्रकों/ट्रेलरों की अधिक संख्या के चलते राजमार्ग पर दबाव काफी बढ़ गया है।
लगातार प्रयासों के बावजूद जाम पूरी तरह खत्म नहीं हो पाया है, जिससे क्षेत्रीय लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में भारी देरी हो रही है।










