गाजीपुर। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में 22 फरवरी 2026 को जनपद न्यायालय परिसर में बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर (मेगा शिविर) का आयोजन किया जाएगा। इसके सफल आयोजन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर सोमवार को जनपद न्यायालय के दसकक्षीय सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/नोडल अधिकारी लोक अदालत शक्ति सिंह ने की। उन्होंने बताया कि शिविर में जनपद के समस्त सरकारी विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारी उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का समाधान करेंगे और विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह मेगा शिविर आयोजित किया जा रहा है। विशेष रूप से महिलाओं, निर्बल एवं निर्धन वर्ग, अनुसूचित जाति/जनजाति, दिव्यांगजन एवं समाज के अन्य कमजोर वर्गों को लाभांवित करना इसका मुख्य उद्देश्य है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती अर्चना ने बताया कि शिविर से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या असुविधा होने पर इच्छुक व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर कार्यालय में संपर्क कर सकता है।
बैठक में जिला सूचना अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम, जिला पशुपालन अधिकारी, जिला मत्स्य पालन अधिकारी, जिला महिला एवं बाल कल्याण अधिकारी, प्राचार्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, परियोजना निदेशक डूडा, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, सहायक आयुक्त जीएसटी, जिला बाट-माप अधिकारी, ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक अधिकारी, दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, नेहरू युवा केंद्र समन्वयक, जिला सेवायोजन अधिकारी सहित नगर पालिका परिषद गाजीपुर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।










