
गाजीपुर। मोहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र के सुखडेहरा गांव में हुए गोलीकांड को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा युवा नेता पीयूष राय ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए उन्हें जल्द कानून के शिकंजे में लाने का भरोसा दिलाया।पीयूष राय ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अपराध करने वाला व्यक्ति किसी जाति या धर्म का हो, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक घटना को जातीय चश्मे से देखने के बजाय अपराध और अपराधी के आधार पर न्याय की मांग की जानी चाहिए। अपराधी किसी समाज से आता हों वह सर्व समाज के लिए ख़तरनाक है। स्थानीय विधायक सुहैब अंसारी उर्फ मन्नू के बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर पीयूष राय ने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए हिंदू समाज को जातियों में बांटने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुखडेहरा में यादव समाज के लोगों पर हमले के बाद सामंतवाद की बात करने वाले लोग वीरपुर में एक यादव की हत्या के समय पीड़ित परिवार के साथ खड़े नजर नहीं आए।
पीयूष राय ने कहा कि उनकी लड़ाई उस मानसिकता के खिलाफ है, जो अगड़े-पिछड़े के नाम पर समाज में विभाजन पैदा कर राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अपराध के मामलों में जाति नहीं, बल्कि दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई प्राथमिकता होनी चाहिए।
पीयूष राय के इस बयान से सुखडेहरा गोलीकांड को लेकर स्थानीय राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का मुद्दा और गरमा गया है।









