रिपोर्ट:- इंद्रसेन उतरांव/गाजीपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ समाजवादी नेता राम गोविंद चौधरी के पार्थिव शरीर को उनके गृह जनपद बलिया ले जाने के दौरान शनिवार को गाजीपुर के गांधीनगर के पास ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर समाजवादी कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से होते हुए पार्थिव शरीर के ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर पहुंचने की जानकारी मिलते ही विश्राम यादव के नेतृत्व में सैकड़ों सपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान ‘राम गोविंद चौधरी अमर रहें’ और ‘जब तक सूरज-चांद रहेगा, राम गोविंद चौधरी तुम्हारा नाम रहेगा’ के नारे गूंजते रहे।
श्रद्धांजलि के बाद पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए गृह जनपद बलिया रवाना कर दिया गया। राम गोविंद चौधरी के निधन की खबर से समाजवादी कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है।
इस दौरान प्रताप नारायण मिश्र, रामजी यादव, बब्बन यादव, सत्येंद्र यादव, वेद प्रकाश यादव, लालजी यादव, विजयकांत यादव, शुभ नारायण यादव, श्रीराम तिवारी, राजेश यादव और नीरज यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।










