मुहम्मदाबाद में बदला मौसम का मिजाज, तेज हवा-बारिश से मिर्च की फसल पर संकट

मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। शुक्रवार सुबह से ही मुहम्मदाबाद क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाओं के साथ आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने भारी बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है। बारिश के कई दौर आने की भी संभावना है।

पिछले 24 घंटे में जिले में 22.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार सुबह 8:30 बजे हवा में नमी का स्तर 95 प्रतिशत रहा। न्यूनतम तापमान करीब 23 और अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

तेज हवा और बारिश से मिर्च की फसल को नुकसान की आशंका….

लगातार बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में तैयार हो रही मिर्च की फसल पर मौसम की मार पड़ने की आशंका जताई जा रही है। तेज हवा से पौधों के गिरने और लगातार बारिश से खेतों में जलभराव होने पर फसल को नुकसान हो सकता है। अत्यधिक नमी के कारण मिर्च की फसल में रोग लगने का खतरा भी बढ़ सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी बादल छाए रहने और बारिश की संभावना है। इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने तथा गरज-चमक की चेतावनी है। 27 सितंबर से मौसम में सुधार होने की संभावना जताई गई है।

तेज हवा और बिजली चमकने के दौरान लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर भवनों से दूर रहने की सलाह दी गई है। लगातार बारिश से जलभराव वाले क्षेत्रों में परेशानी बढ़ सकती है। अब किसानों की निगाहें मौसम के अगले दौर पर टिकी हैं।

और पढ़ें

error: Content is protected !!