श्रीपुर में टावर से तीन बैटरियां चोरी, चोर चप्पल छोड़कर फरार

भांवरकोल/गाजीपुर। थाना क्षेत्र के श्रीपुर गांव में सोमवार की आधी रात चोरों ने वोडाफोन के मोबाइल टावर को निशाना बनाते हुए तीन बैटरियां चोरी कर लीं। चोरी गई बैटरियों की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में मोबाइल टावरों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, श्रीपुर गांव में एयरटेल, जियो और वोडाफोन के तीन टावर लगे हैं। सोमवार की देर रात चोर वोडाफोन टावर में पहुंचे और ताला काटकर अंदर रखी तीन बैटरियां निकाल ले गए। मंगलवार सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि टावर का ताला टूटा हुआ था और तीनों बैटरियां गायब थीं।घटना स्थल पर चोरों की एक जोड़ी चप्पल भी मिली है। माना जा रहा है कि जल्दबाजी में चोर अपनी चप्पल वहीं छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों में चर्चा है कि चप्पल के जरिए पुलिस को चोरों तक पहुंचने में सुराग मिल सकता है।

 

भांवरकोल थाना प्रभारी रोहित कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!