मुहम्मदाबाद में बिजली ट्रिपिंग से परेशान ग्रामीणों का विद्युत उपकेंद्र पर धरना

मुहम्मदाबाद/गाजीपुर। लगातार बिजली ट्रिपिंग और कम आपूर्ति से परेशान ग्रामीणों ने रविवार दोपहर 12 बजे मोहम्मदाबाद विद्युत उपकेंद्र पर धरना-प्रदर्शन किया। राजापुर फीडर और हाटा-राजापुर क्षेत्र के 15 से अधिक गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि हर दो-दो मिनट में बिजली ट्रिप होने से आपूर्ति मजाक बनकर रह गई है। उनका कहना है कि उपकेंद्र की रिकॉर्ड बुक में राजापुर-हाटा क्षेत्र को करीब 18 घंटे बिजली आपूर्ति दर्ज की जाती है, जबकि गांवों में वास्तविक आपूर्ति मुश्किल से 7-8 घंटे ही मिल रही है। उसमें भी लगातार ट्रिपिंग से बिजली बाधित रहती है।

ग्रामीणों ने रिकॉर्ड में दर्ज आपूर्ति और वास्तविक बिजली आपूर्ति के अंतर की जांच कराने की मांग की। उन्होंने फीडर की लॉगबुक और जमीनी स्तर पर मिल रही बिजली का मिलान कराने की भी मांग उठाई।

ग्रामीणों के मुताबिक, लगातार ट्रिपिंग से धान की सिंचाई प्रभावित हो रही है। घरेलू कामकाज और बच्चों की पढ़ाई भी बाधित है। रात में बार-बार बिजली कटने से लोगों की नींद भी प्रभावित हो रही है।

धरना स्थल पर मौजूद विद्युत विभाग के कर्मचारी ने लोड बढ़ने के कारण ट्रिपिंग की समस्या होने की बात कही और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। हालांकि, ग्रामीणों ने केवल आश्वासन के बजाय समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।

प्रदर्शन में करनपुरा, नवपुरा, सलेमपुर, हाटा, खेमपुर, सिलाईच, डोमनपुरा, उत्तमपुर, परसा, रघुबरगंज, धर्मांतापुर, नसरतपुर, राजापुर, सरायगंदु और मुहम्मदपुर समेत 15 से अधिक गांवों के ग्रामीण शामिल रहे।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि बिजली ट्रिपिंग और कम आपूर्ति की समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!