मुहम्मदाबाद रामलीला मैदान जलमग्न, दशहरा पर संकट

मुहम्मदाबाद, गाजीपुर। नगर में जलनिकासी की समस्या ने रामलीला मैदान की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गंदा पानी जमा होने से मैदान ने जलाशय का रूप ले लिया है। दशहरा पर्व नजदीक होने के कारण रामलीला मंचन को लेकर समिति के पदाधिकारियों और नगरवासियों की चिंता बढ़ गई है।

नगर पालिका की ओर से अग्रवाल टोली, आतिशबाजी मोहल्ला समेत आसपास के इलाकों का पानी नालों के जरिए बीआरसी मोड़ होते हुए रामलीला मैदान के पास स्थित सरकारी भूखंड में वैकल्पिक रूप से गिराया जाता है। वहीं, यूसुफपुर बाजार से तहसील मुख्यालय होते हुए अग्रसेन तिराहा और अग्रवाल टोली मार्ग पर बीआरसी मोड़ के पास के नालों का पानी मगई नदी में पहुंचाने के लिए सीवर नाले का निर्माण भी कराया गया था। आरोप है कि तकनीकी खामियों के चलते नाला प्रभावी ढंग से काम नहीं कर रहा है।

रविवार को रामलीला समिति के पदाधिकारियों और नगर के वरिष्ठ राजनीतिक दलों के सदस्यों ने मैदान का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। समिति ने निर्णय लिया कि प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला से मिलकर जलनिकासी की समस्या के समाधान की मांग करेगा।

समिति पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। दशहरा से पहले मैदान की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करना प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!