भांवरकोल (गाजीपुर)। अजय यादव हत्याकांड में फरार आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए भांवरकोल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी रोहित मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार सुबह पलिया गंगा घाट के पास घेराबंदी कर दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी बिहार भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उनके मंसूबे नाकाम हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवीन चौधरी और सुशील चौधरी, निवासी वीरपुर, के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों को गंगा पार करने से पहले ही दबोच लिया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि 24 जून को वीरपुर निवासी अजय यादव पर उस समय लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया गया था, जब वह साइकिल से अपने डेरे पर भोजन लेकर जा रहे थे। गंभीर रूप से घायल अजय यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
मृतक के पिता श्रीकांत यादव की तहरीर पर 11 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या, बलवा सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इससे पहले पुलिस इस मामले में चार अपचारियों को गिरफ्तार कर किशोर गृह भेज चुकी है।
थाना प्रभारी रोहित मिश्रा ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।










