*जनता दर्शन की शिकायत लाई रंग, अतिक्रमणकारियों पर चला प्रशासन का डंडा…*

भांवरकोल (गाजीपुर)। पलिया बुजुर्ग गांव में सार्वजनिक रास्ते पर हुए अतिक्रमण के मामले में आखिरकार प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को अवैध कब्जा हटवा दिया। राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम की मौजूदगी में रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव के सार्वजनिक रास्ते पर पहले भी अवैध अतिक्रमण किया गया था। शिकायत के बाद 3 अप्रैल 2026 को एसडीएम मुहम्मदाबाद के आदेश पर नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी और राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटवाया था। कार्रवाई के बाद रास्ता पूरी तरह खुल गया था और ट्रैक्टर, चार पहिया वाहन समेत ग्रामीणों का आवागमन सामान्य हो गया था।

 

लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि 19 अप्रैल 2026 को संबंधित लोगों ने दोबारा रास्ते पर अवैध कब्जा कर लिया और आवागमन बाधित कर दिया। इसके बाद पीड़ित ग्रामीणों ने 2 मई 2026 को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।

मामला लंबित रहने पर ग्रामीणों ने हार नहीं मानी और 27 मई 2026 को जनता दर्शन कार्यक्रम में सीधे जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और शुक्रवार को राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर दोबारा अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार महेंद्र प्रसाद, नायब तहसीलदार नितिश शाही, कानूनगो मंगला प्रसाद, लेखपाल अर्पणा राय तथा भांवरकोल थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों की निगरानी में रास्ते की पैमाइश कराकर अवैध कब्जे को हटाया गया।

ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि सार्वजनिक रास्ता बंद होने से गांव के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अतिक्रमण हटने के बाद अब लोगों का आवागमन फिर से सुचारु हो गया है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक भूमि और रास्तों पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से इस रास्ते को स्थायी रूप से अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने की मांग की है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!