जमानियां/गाजीपुर। महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जमानियां क्षेत्र के नवली गांव से पुणे की एक 14 वर्षीय किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के पुणे जनपद स्थित महालुंगे एमआईडीसी थाने में एक किशोरी के अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि गाजीपुर जिले के नवली गांव निवासी आशुतोष नामक युवक 14 जून 2026 को पुणे की रहने वाली कक्षा नौ की छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था।
किशोरी के भाई मणिशंकर कोठारी की तहरीर पर महाराष्ट्र पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को किशोरी के गाजीपुर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद महालुंगे एमआईडीसी थाने के हेड कांस्टेबल संतोष जगरनाथ होल्कर और आरक्षी अजय कुंडकर की टीम गाजीपुर पहुंची।
महाराष्ट्र पुलिस ने जमानियां पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर के नेतृत्व में नवली गांव में संयुक्त छापेमारी की गई। पुलिस कार्रवाई के दौरान किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया, लेकिन आरोपी युवक मौके से फरार होने में सफल रहा।
अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से नवली गांव में पूरे दिन चर्चा का माहौल बना रहा। ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों से उसकी लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद महाराष्ट्र पुलिस किशोरी को अपनी अभिरक्षा में लेकर कड़ी सुरक्षा के बीच सड़क मार्ग से पुणे के लिए रवाना हो गई।










