*गौसपुर गंगा तट पर बाढ़ से निपटने की तैयारी, प्रशासन ने किया संयुक्त मॉक ड्रिल*

मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। बाढ़ सीजन को देखते हुए प्रशासन ने गुरुवार को गौसपुर गंगा तट पर व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस दौरान बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, नाव पलटने की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तथा प्राथमिक उपचार की प्रक्रिया का पूर्वाभ्यास किया गया।

उपजिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस संयुक्त मॉक ड्रिल में आपदा मित्र, पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, पशुपालन विभाग, सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित विभागों ने हिस्सा लिया।

अभ्यास के दौरान पानी से घिरे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, नाव दुर्घटना की स्थिति में यात्रियों को बचाने तथा बाढ़ राहत शिविरों तक पहुंचाने का प्रदर्शन किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डूबने वाले व्यक्तियों को दिए जाने वाले प्राथमिक उपचार की जानकारी भी दी।

प्रशासन की ओर से स्थानीय लोगों को बाढ़ के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों और आपदा से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि आपदा के समय त्वरित और प्रभावी राहत कार्य सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभ्यास बेहद जरूरी हैं।

मॉक ड्रिल में तहसीलदार महेंद्र बहादुर, खंड विकास अधिकारी अनिल राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!