गाजीपुर। सेवराई तहसील क्षेत्र में गंगा नदी पर स्थित गहमर-फिरोजपुर बारा पान्टून (पीपा) पुल को आगामी 14 जून 2026 की प्रातः से वाहनों के आवागमन के लिए पूर्णतः बंद कर दिया जाएगा। यह जानकारी लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड-एक) के अधिशासी अभियंता संतोष कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथि से पुल पर किसी भी प्रकार के वाहन का आवागमन नहीं होगा। प्रशासन ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा असुविधा से बचने के लिए अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें।
गौरतलब है कि गहमर-फिरोजपुर पीपा पुल पूर्वांचल और बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग माना जाता है। पुल बंद होने से क्षेत्रीय आवागमन पर असर पड़ने की संभावना है।










