*घर से निकले थे रोज़ी कमाने, 8 किलोमीटर दूर मौत ने रोक दी राह, अनियंत्रित ट्रक पलटने से चालक रामरतन यादव की दर्दनाक मौत….*

करीमुद्दीनपुर (गाजीपुर)। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के कमसड़ी गांव के पास रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। कोलकाता से रिफाइंड ऑयल लेकर गोरखपुर जा रही ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार गोविंदपुर गांव निवासी रामरतन यादव (40 वर्ष) पेशे से ट्रक चालक थे। वह कोलकाता से रिफाइंड ऑयल लादकर गोरखपुर जा रहे थे। रविवार रात वह अपने घर पहुंचे और भोजन करने के बाद पुनः ट्रक लेकर गोरखपुर के लिए रवाना हुए। लेकिन घर से महज लगभग 8 किलोमीटर की दूरी पर कमसड़ी गांव के समीप ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और किसी तरह ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल रामरतन यादव को तत्काल बाराचवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गाजीपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी रंभा देवी, मां सुमित्रा देवी तथा पुत्री सोनम का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और हर किसी की आंखें नम हो गईं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों के अनुसार रामरतन यादव मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे, जिनकी असमय मौत से क्षेत्र में शोक व्याप्त है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!