गाजीपुर। कासिमाबाद थाना क्षेत्र के बहादुरगंज स्थित ग्राम सभा बांका के लमुही मौजे में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार लमुही निवासी 22 वर्षीय सूरज साहनी पुत्र राज बहादुर अपने रोजमर्रा के कार्य के तहत ताड़ के पेड़ पर चढ़कर ताड़ी उतार रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। तभी ताड़ के पेड़ के समीप आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर सूरज गंभीर रूप से झुलस गया और पेड़ से नीचे गिर पड़ा।
घटना को देख आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस चौकी प्रभारी पुष्पेश चंद दुबे तथा राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है।
ग्रामीणों ने बताया कि सूरज साहनी मेहनती और मिलनसार स्वभाव का युवक था, जो अपने परिवार के भरण-पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था। देर शाम उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।










