वरिष्ठ शिक्षक जयप्रकाश पाण्डेय को भावभीनी विदाई, शिक्षकीय योगदान को किया गया नमन

रिपोर्ट: राहुल पटेल गाजीपुर। गाजीपुर के कम्पोजिट विद्यालय चंदनी में प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ शिक्षक जयप्रकाश पाण्डेय के सेवानिवृत्ति उपलक्ष्य में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद उपस्थित शिक्षकों और अतिथियों ने उनके लंबे शिक्षकीय जीवन और योगदान को याद किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. विनोद कुमार राय ने दूरभाष के माध्यम से अपने संबोधन में कहा कि जयप्रकाश पाण्डेय ने अपने लंबे शिक्षकीय जीवन में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरलता, अनुशासनप्रियता और समर्पण की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक रहेगी।

समारोह में उपस्थित शिक्षकों और अतिथियों ने पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर उन्हें सम्मानित किया तथा उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली की सराहना की। सभी ने कहा कि पाण्डेय जी ने शिक्षा के क्षेत्र में निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है।

अपने उद्बोधन में जयप्रकाश पाण्डेय ने विद्यालय परिवार, सहकर्मियों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने शिक्षकीय जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने सभी को मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम का संचालन राजीव प्रधान और प्रमोद उपाध्याय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के मनोज कुमार राय ने किया।

और पढ़ें

error: Content is protected !!