गाजीपुर में ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन की नवगठित कार्यकारिणी की बैठक संपन्न

गाजीपुर। ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन गाजीपुर की नवगठित जिला कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक एवं सम्मान समारोह का आयोजन बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों ने एकजुट होकर समाज को संगठित करने, शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने तथा संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में वक्ताओं ने समाज की एकता, युवाओं की भूमिका और सामाजिक जिम्मेदारियों पर जोर देते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र कुमार राय, राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र राय बबलू, राष्ट्रीय प्रवक्ता त्रिलोकी नाथ राय तथा प्रदेश महामंत्री रासबिहारी राय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष कृष्णानंद राय ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री राकेश रंजन राय द्वारा किया गया। इस दौरान उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने भगवान परशुराम के आदर्शों को स्मरण करते हुए समाज के उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि भगवान परशुराम त्याग, साहस और धर्म की रक्षा के प्रतीक हैं और उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा देने में प्रेरणास्रोत हैं।

राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र राय बबलू ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक ताकत उसकी एकजुटता और सामूहिक सोच में होती है। उन्होंने कहा कि यदि समाज के लोग आपसी मतभेदों को भुलाकर एक साथ आगे बढ़ें, तो विकास की राह आसान हो जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल बैठकें करना नहीं बल्कि समाज के लोगों को जागरूक करना और उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि समाज के विकास में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उन्हें शिक्षा, संस्कार और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में आगे आना चाहिए।

राष्ट्रीय प्रवक्ता त्रिलोकी नाथ राय ने संगठन की आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए ब्लॉक स्तर तक मजबूत इकाइयों का गठन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अप्रैल माह के भीतर हर हाल में ब्लॉक कमेटियों का गठन पूरा कर लिया जाएगा, ताकि संगठन की गतिविधियां गांव-गांव तक पहुंच सकें। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि संगठन के पदाधिकारी लगातार गांवों में जाकर लोगों से संवाद स्थापित करें और उन्हें संगठन के उद्देश्यों से अवगत कराएं।

प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र कुमार राय ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि संगठन इन दोनों क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने और जरूरतमंद लोगों की मदद करने के लिए लगातार प्रयास करेगा। कहा कि समाज के हर सक्षम व्यक्ति को आगे आकर गरीब और जरूरतमंद परिवारों की मदद करनी चाहिए। यदि समाज का हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझकर थोड़ा-थोड़ा योगदान दे, तो कई समस्याओं का समाधान अपने आप हो सकता है।

प्रदेश महामंत्री रासबिहारी राय ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार गांव और आम जनता से जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों को नियमित रूप से ग्राम भ्रमण करना चाहिए और चौपाल बैठकों के माध्यम से समाज के लोगों से सीधे संवाद स्थापित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की बैठकों से समाज की समस्याओं को समझने और उनके समाधान की दिशा में काम करने में आसानी होती है। साथ ही इससे संगठन और समाज के बीच विश्वास भी मजबूत होता है।

जिलाध्यक्ष कृष्णानंद राय ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य समाज को मोतियों की माला की तरह एक सूत्र में पिरोना है। उन्होंने कहा कि जब समाज के लोग एकजुट होकर कार्य करेंगे, तभी समाज की प्रतिष्ठा और विकास दोनों संभव हो पाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन केवल नाम का मंच नहीं बल्कि समाज के लोगों के लिए एक परिवार की तरह है, जहां हर व्यक्ति की भागीदारी और सहयोग महत्वपूर्ण है।

जिला उपाध्यक्ष डॉ. आलोक राय ने कहा कि भूदेव समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है और हमें अपने पूर्वजों के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए वर्तमान को मजबूत बनाना चाहिए। कहा कि यदि हम अपने इतिहास और संस्कृति को याद रखते हुए आगे बढ़ेंगे, तो समाज के विकास की राह और मजबूत होगी।

इस बैठक में संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जिनमें प्रमोद राय, पवन राय, दीनबंधु राय, डॉ. आलोक राय, रविशंकर राय, ज्ञानेश्वर राय, हिमांशु राय सोनू, सुनील राय, विजय बहादुर राय, अश्विनीकांत राय, धनंजय प्रधान, नारायण राय, राजू राय, शैलेन्द्र राय सोनू, दिनेश राय, तीर्थराज राय, सुजीत राय, रत्नेश राय, राजेश राय डब्लू, जिला कोषाध्यक्ष कुलमयंक राय (पिंटू), जिला सह कोषाध्यक्ष अभिषेक राय, जिला प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी हिमांशु राय, जिला प्रवक्ता श्रीनारायण राय, जिला मीडिया सेल प्रभारी सुधीर राय, जिला मीडिया प्रभारी (इलेक्ट्रॉनिक) विवेकानंद राय तथा जिला मीडिया प्रभारी (प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक) अभिषेक राय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने समाज की एकता, शिक्षा के प्रसार और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

और पढ़ें

error: Content is protected !!