रिपोर्ट: राहुल पटेल गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र में पशु चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कुडेसर कबीरपुर क्षेत्र के बैफे बाजार का है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने दो भैंस खोलकर चोरी कर ली। हालांकि सुबह तलाश के दौरान दोनों भैंस एक बगीचे में बंधी हुई मिल गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पशुपालक बनारसी यादव और बंगाली चौधरी रोज की तरह अपनी-अपनी भैंसों को बाजार में बांधकर सो गए थे। देर रात करीब एक बजे जब उनकी नींद खुली तो दोनों भैंस मौके से गायब मिलीं। इससे पशुपालकों में हड़कंप मच गया।
घबराए पशुपालकों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर तुरंत डायल 112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
सुबह होते ही बनारसी यादव के पुत्र बृजेश अपने साथियों के साथ भैंसों की तलाश में निकल पड़े। काफी खोजबीन के बाद दोनों भैंस अवथही गांव के पास एक बड़े बगीचे में बंधी हुई मिलीं। बताया जा रहा है कि यह स्थान कुडेसर कबीरपुर से करीब चार किलोमीटर दूर है।
सूत्रों के अनुसार इस घटना में सोनाड़ी गांव के एक व्यक्ति की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। वहीं मच्छटी चौकी प्रभारी श्याम सिंह मौके पर पहुंचकर सोनाड़ी गांव में संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रहे हैं। इस संबंध में मच्छटी चौकी प्रभारी ने बताया कि भैंस चोरी की सूचना मिली थी, लेकिन सुबह दोनों भैंस एक बगीचे में मिल गई हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।










