भांवरकोल: परसदा में ग्राम समाज की जमीन पर रातों-रात रखी गई हनुमान जी व बाबासाहेब आंबेडकर की मूर्तियां

रिपोर्ट:- चंदन पांडेय गाजीपुर। भांवरकोल विकास खंड के परसदा गांव में ग्राम समाज की जमीन पर रातों-रात दो मूर्तियां रखे जाने से हड़कंप मच गया। मंगलवार सुबह जब ग्रामीण खेत-खलिहान की ओर निकले तो जमीन के पश्चिमी छोर पर हनुमान जी और पूर्वी छोर पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति स्थापित देख दंग रह गए। दोनों मूर्तियों के बीच करीब पांच धूर की दूरी बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही भांवरकोल थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय के नेतृत्व में भांवरकोल पुलिस मौके पर पहुंच गई। साथ ही शेरपुर चौकी इंचार्ज, एसआई मोरध्वज सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महेंद्र बहादुर, नायब तहसीलदार विपिन कुमार चौरसिया, कानूनगो चंदन राम व लेखपाल राहुल कुमार भी मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने पूछताछ के लिए स्थानीय निवासी गुड्डू राम को थाने बुलाया, क्योंकि सूत्रों के अनुसार मूर्तियों का सांचा और ढलाई उसी ने की थी। इसे लेकर गांव की दर्जनों महिलाएं और पुरुष थाने पहुंच गए और गुड्डू राम को छोड़ने तथा मूर्तियों को वहीं रहने देने की मांग करने लगे।

ग्रामीणों ने करीब 28 लोगों के हस्ताक्षर से ग्राम प्रधान श्रीमती पूनम देवी को एक प्रार्थना पत्र भी दिया, जिसमें मूर्तियों को न हटाने की मांग की गई। वहीं तहसीलदार महेंद्र बहादुर ने स्पष्ट कहा कि बिना सरकारी अनुमति के किसी भी सार्वजनिक जमीन पर मूर्ति स्थापित नहीं की जा सकती। उन्होंने सुझाव दिया कि पहले लेखपाल से प्रस्ताव बनवाकर सरकारी प्रक्रिया के तहत चबूतरा या शेड की स्वीकृति ली जाए।

समाचार लिखे जाने तक चंदा देवी, शांति, आशा, दुर्गावती समेत कई महिलाएं मौके पर डटी रहीं और अपनी मांग पर अड़ी रहीं, जबकि प्रशासन कानून के तहत कार्रवाई की बात कहता रहा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!