संवाददाता:- चंदन पांडेय भांवरकोल। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत टोडरपुर निवासी एवं एक दैनिक समाचार पत्र के पत्रकार सोमदत्त सिंह कुशवाहा का लगभग दो वर्ष पूर्व गुम सैमसंग मोबाइल पुलिस की सक्रियता से बरामद कर लिया गया। इस सफलता से पीड़ित पत्रकार खुश है। बताया जाता है कि करीब दो साल पहले समाचार संकलन कर प्रेस भेजने के बाद जब सोमदत्त सिंह कुशवाहा देर शाम घर लौटे और किसी को फोन करने के लिए अपनी मोटरसाइकिल की डिग्गी खोली, तो मोबाइल गायब मिला। दूसरे फोन से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ देर बाद मोबाइल बंद हो गया। इसके बाद उन्होंने स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया, लेकिन लंबे समय तक कोई सफलता नहीं मिल सकी। इसी बीच थाना प्रभारी संतोष कुमार राय के प्रयास से मोबाइल की लोकेशन हाल ही में ट्रेस हुई। जानकारी के अनुसार मोबाइल कोलकाता पहुंच गया था। सर्विलांस में आने के बाद पुलिस ने उसे पार्सल के माध्यम से मंगवाकर बरामद कर लिया। पत्रकार ने पुलिस टीम का आभार जताया।










