रिपोर्ट:- चंदन पांडेय
गाजीपुर। भांवरकोल स्थानीय विकास खंड क्षेत्र के खरडीहा महाविद्यालय में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर के पांचवें दिन शनिवार को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। दोपहर भोजन के बाद “भूगर्भ जल का दोहन एवं उसका संरक्षण” विषय पर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और जल संरक्षण के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
महाविद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अवनीश कुमार राय ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से छात्रों में राष्ट्रीय और सामाजिक महत्व के कार्यक्रमों के प्रति जागरूकता पैदा होती है। ऐसे शिविरों से विद्यार्थियों में समाज सेवा की भावना विकसित होती है और वे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से समझते हैं।
शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय के आसपास के गांवों—खरडीहा, अलावलपुर, मठिया सहित अन्य स्थानों पर पहुंचकर साफ-सफाई अभियान चलाया। इस दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।










