गाजीपुर। भांवरकोल पुलिस ने शनिवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए सियाड़ी गांव के पास ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन से एक बोलोरो पिकअप वाहन से आठ गोवंशीय पशुओं (सांड) को बरामद किया। पुलिस को देखते ही मौके से पांच पशु तस्कर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार पिकअप वाहन में आठ सांडों को क्रूरता पूर्वक ठूंस-ठूंस कर लादा गया था। अत्यधिक भीड़भाड़ और अमानवीय तरीके से लादे जाने के कारण एक सांड की वाहन के अंदर ही मौत हो गई, जबकि चार गोवंशीय पशु गंभीर रूप से घायल पाए गए और तीन अन्य भी चोटिल अवस्था में मिले।
घटना की सूचना पर पशु चिकित्सा विभाग के पैरावेट कर्मी उपेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और घायल पशुओं का प्राथमिक उपचार किया। पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर थाना परिसर पहुंचाया। बताया गया कि वाहन में क्रूरता से लादे जाने के कारण चार सांड बेहोशी की हालत में थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद वाहन से नीचे उतारा गया। पुलिसकर्मियों ने उन पर पानी का छींटा मारकर होश में लाने का प्रयास किया, जिसके बाद कुछ देर में वे खड़े हो सके और पानी भी पीया।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि बरामद आठ सांडों में से एक मृत सांड का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जबकि घायल पशुओं का उपचार कराया जा रहा है। मामले में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और वाहन छोड़कर फरार हुए पांच तस्करों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। बरामद पिकअप वाहन को भी सीज करने की कार्रवाई की जा रही है।










