गाजीपुर। मुहम्मदाबाद सहित पूर्वांचल के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। सुबह के समय हल्की धुंध और कोहरे जैसे हालात देखे गए, जबकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वांचल के कई शहरों में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अतुल सिंह, मौसम वैज्ञानिक लखनऊ ने बताया कि बढ़ते तापमान और हवा में नमी की वजह से सुबह कोहरा और दिन में धुंध जैसे हालात बन रहे हैं। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है तथा कई इलाकों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है।
मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के अनुसार बिहार से मराठवाड़ा के बीच बने लो-प्रेशर के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में सुबह धुंध जैसे हालात बन रहे हैं। वहीं 15 मार्च के आसपास पूर्वांचल के कुछ भागों में इस सीजन की पहली हल्की बारिश होने की संभावना है।
विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में यह बदलाव किसानों के लिए मिलाजुला असर डाल सकता है। हल्की बारिश फसलों के लिए फायदेमंद हो सकती है, जबकि तेज गर्मी और हवाएं खड़ी फसलों को नुकसान भी पहुंचा सकती हैं। डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर की तेज धूप में बाहर निकलने से बचें और पर्याप्त पानी पीते रहें।










