गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने पुलिस लाइन सभागार में जनपद के सभी सर्किल क्षेत्राधिकारियों एवं थानाध्यक्षों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न थाना क्षेत्रों में हो रहे अपराधों की प्रकृति, लंबित मामलों तथा चिन्हित अपराधियों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
एसपी ने विशेष रूप से महिला संबंधी अपराधों, टॉप-10 अपराधियों, गुंडा एवं माफिया तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्ती बरती जाए।
बैठक में सुरक्षा एवं साक्ष्य संकलन को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाने और उन्हें लिंक करने, कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा पुलिस बीट प्रणाली को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा पुलिस पेंशनरों की बैठक, जनसुनवाई प्रार्थना पत्रों, आईजीआरएस पोर्टल तथा ऑपरेशन दृष्टि/त्रिनेत्र की भी समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, सभी सर्किल क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।










